नई दिल्ली। प्यार एक ऐसा खूबसूरत एहसास है जो जिंदगी को खूबसूरत बना देता है। जिस शख्स को भी प्यार होता है उसे नकारात्मक चीजों में भी सकारात्मकता नजर आती है। शायद इसलिए कहते हैं कि प्यार अंधा होता है। प्यार में पड़ने के बाद लोगों को केवल अपने साथी की खूबियां ही दिखाई देती हैं उनकी कमियों पर वो जैसे आंखें ही बंद कर लेते हैं। लोग हर समय प्यार के इस हसीन एहसास में डूबे रहना चाहते हैं। लेकिन कभी-कभी ऐसा भी होता है कि जब हम ऐसा महसूस करते हैं कि हमारा साथी हमें नजरअंदाज करने लगा है। लेकिन प्यार में होने के कारण हम अक्सर इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं और पार्टनर के मन में क्या चल रहा है इस बात से हमेशा अनजान ही बने रहते हैं।
प्यार में हमेशा सही होना ही मायने नहीं रखता बल्कि पार्टनर की जरूरतों का भी ख्याल रखना पड़ता है। जब पार्टनर आपसे दूरी बना लेते हैं तो आपको लगता है कि उसने आपको धोखा दिया है या आपने इस रिश्ते को सबकुछ दिया इसके बावजूद भी आपके साथ ऐसा क्यों हुआ। आइए आज आपको बताते हैं कि लोग क्यों करने लगते हैं अपने साथी को नजरअंदाज:
– कई बार ऐसा होता है जब लोग सोचते हैं कि जब सारी दुनिया उनके विरोध में हो तब भी उनका साथी उनके साथ खड़ा रहे। ऐसे में जब आप अपने पार्टनर को सही और गलत या सत्य और असत्य का पाठ पढ़ाने बैठ जाएंगे तो वो निश्चित रूप से आपसे दूरी बना लेगा।
– जब किसी भी बात पर आप अपने साथी के अलावा किसी अन्य का पक्ष लेंगे तो भी उसे बेहद बुरा लगेगा और वो धीरे-धीरे आपसे दूरियां बनाने लगेगा।
– बातें ही होती हैं जो किसी रिश्ते को आगे बढ़ाती हैं ऐसे में अगर आपका साथी आपसे बात करना बंद कर दे तो समझ जाएं कि आपकी किसी बात से साथी के मन को ठेस पहुंची है। रिश्ता टूटने की कगार पर है।
– प्रेम और शादी का वादा कर साथी को लंबे समय तक टरकाने से भी रिश्ते में दरार आ जाती है। लोग इतने बेवकूफ भी नहीं होते कि वो सच या झूठ के बीच अंतर न कर पायें।
– अगर पार्टनर के व्यवहार में अचानक परिवर्तन आए और वो बात-बात पर आपसे झूठ बोलने लगे तो समझ जाइए कि अब वो आपके साथ नहीं रहना चाहता है।